नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) बेगूसराय में शुक्रवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान डीटीओ कार्यालय के निम्न वर्गीय लिपिक संजय कुमार एवं उनके कथित बिचौलिया शिवानंद झा को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि वाहन ट्रांसफर कराने के नाम पर दोनों के द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी थाना में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कांड संख्या 63/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत निगरानी टीम ने डीटीओ कार्यालय में जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की राशि ली गई, टीम ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद देर शाम तक डीटीओ कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कर्मचारी एवं कार्यालय पहुंचे लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते नजर आए।
छापेमारी का नेतृत्व पटना से आए निगरानी विभाग के डीएसपी कर रहे थे। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपितों को टीम अपने साथ पटना लेकर चली गई।
गौरतलब है कि बेगूसराय जिले में इन दिनों निगरानी विभाग लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। कुछ दिन पूर्व भी बाघा स्थित नापतौल कार्यालय में कार्यरत लिपिक पुष्कर कुमार द्विवेदी को दुकान लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से विभिन्न सरकारी कार्यालयों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
