नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र में चर्चित मोना झा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत पुलिस ने कांड के एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि थाना कांड संख्या 57/26 से जुड़े मामले में पहसारा से छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महेशवारा पंचायत के वभनगामा निवासी गुलशन सिंह के पुत्र विवेक कुमार उर्फ नटवर के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि 1 अप्रैल 2026 को वभनगामा बहियार में मोना झा की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के समय गांव में यज्ञ और धार्मिक कथा का आयोजन चल रहा था, जबकि दूसरी ओर इस हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। मामले में आको सिंह समेत करीब एक दर्जन बदमाशों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार बेगूसराय एसटीएफ और नावकोठी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त विवेक उर्फ नटवर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ नावकोठी थाना में कांड संख्या 57/26 बीएनएस, 147/25 बीएनएस तथा आरोप पत्र संख्या 273/25 दर्ज है।
इस छापेमारी अभियान में सहायक थाना अध्यक्ष विश्वजीत कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अन्य अपराधियों की संलिप्तता को लेकर भी लगातार कार्रवाई कर रही है।
