पदाधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र देकर दी बधाई, शिक्षकों ने मेडल पहनाकर किया सम्मानित
गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय फजिलपुर के छात्र ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले में विद्यालय और प्रखंड का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार झा ने बताया कि वर्ग आठवीं के छात्र युवराज कुमार ने सोमवार को बेगूसराय के कॉलेजिएट स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय मंडे मेगा क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई, जिसमें लिखित और मौखिक परीक्षा शामिल थी। युवराज कुमार ने दोनों चरणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
बताया गया कि मंडे मेगा क्विज प्रतियोगिता पिछले तीन सोमवार को क्रमशः संकुल स्तर, प्रखंड स्तर और जिला स्तर पर आयोजित की गई थी। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने हिस्सा लिया। युवराज कुमार का चयन वीरपुर प्रखंड स्तर से जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर उसने अपने विद्यालय के साथ-साथ पूरे वीरपुर प्रखंड का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में सफलता के बाद जिला स्तरीय पदाधिकारियों की ओर से युवराज कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों ने मेडल पहनाकर उसका उत्साह बढ़ाया।
छात्र की इस सफलता पर संकुल संसाधन केंद्र के समन्वयक सुकुमार सहनी, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक प्रभाकर, शिक्षक रामाशीष ठाकुर, संजीव कुमार, रंजन कुमार चौधरी, रौशन कुमार, संतोष चौरसिया, योगेश कुमार, पवन कुमार, मोहम्मद सलीम, अबदुल वद् सिद्धकी, मोहम्मद तस्लीम, मंटून कुमारी, संगीता कुमारी और काजल कुमारी ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


