गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदा बभनगामा गांव में मंगलवार को 22 वर्षीय युवक मो. जीशान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह मो. अशफाक का पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि जमीन बेचने के प्रस्ताव को लेकर जीशान की अपने पिता से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद से वह नाराज चल रहा था। इसी बीच मंगलवार को उसने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे पंखे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

अचानक हुई इस घटना से घर में मातम पसर गया। उसकी मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि जीशान की शादी पिछले साल ही हुई थी। वह स्वभाव से काफी अच्छा युवक था। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना वीरपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। घरेलू विवाद के कारण युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस घटना के अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


