चोरी किए गए तीन पंखे बरामद, पुलिस ने आरोपितों को भेजा न्यायिक हिरासत में
नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड मुख्यालय स्थित राधा देवी कन्या मध्य विद्यालय, नावकोठी से करीब आधा दर्जन सीलिंग फैन चोरी होने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। नावकोठी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किए गए तीन पंखे भी बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नावकोठी से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें नावकोठी निवासी मो. सोनू, मो. मेराज तथा विधि-विरुद्ध बालक गोलू शामिल हैं।
बताया गया कि विद्यालय से पंखे चोरी होने को लेकर प्रधानाध्यापक विभाकर कुमार ने 17 अगस्त को नावकोठी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किए गए तीन सीलिंग फैन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

