नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र में हुए सुजीत कुमार हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेरिया बरियारपुर पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी को भगवानपुर थाना क्षेत्र के अकहा गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकहा निवासी प्रिंस कुमार, पिता शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है।
चेरिया बरियारपुर थाना प्रभारी ज्योति कुमार बसु ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंस कुमार को अकहा गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान घटना में उसकी भूमिका और हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया जाता है कि 18 मार्च 2026 की रात करीब एक बजे सुजीत कुमार अपने परिचित के घर से बाइक लेकर अपने घर नौला के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। सुबह करीब पांच बजे परिजनों को जानकारी मिली कि सुजीत चेरिया बरियारपुर क्षेत्र में है। सूचना मिलने के बाद परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां सुजीत मृत अवस्था में मिला।
मृतक के पिता ने चेरिया बरियारपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र की साजिश के तहत हत्या कर शव को विक्रमपुर पुल के समीप फेंक दिया गया। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्याकांड के पूरे घटनाक्रम, हत्या के कारण और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


