नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से देशव्यापी कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ का आयोजन गणेश दत्त महाविद्यालय, बेगूसराय में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना था।
राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण महाविद्यालय के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, नगर निगम बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी, उपविकास आयुक्त आकाश चौधरी और जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह सहित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, स्थानीय खिलाड़ी, युवा एवं छात्र शामिल हुए।
राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर ‘युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। इसमें युवा आइकन और स्थानीय खेल प्रतिभाओं के बीच संवाद हुआ। पिछले दस वर्षों में खेल के क्षेत्र में हुए बदलाव, खेल अवसंरचना के विकास तथा आगामी ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान युवाओं ने देश के खेल तंत्र को बेहतर बनाने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवाओं के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम में खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभा पहचान, प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, छात्रवृत्ति, नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा, डिजिटल कौशल और उद्यमिता जैसे विषयों पर भी युवाओं से राय ली गई। युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। सुझाव प्राप्त करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर भारत सरकार के वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के युवा केवल खेलों के सहभागी नहीं हैं, बल्कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सोच देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


