गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर में सौ से अधिक वर्षों से आयोजित हो रहे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर शनिवार को थाना परिसर स्थित प्रतिक्षालय भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार के नेतृत्व में हुई। इसमें पूजा समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सूखा नशा एवं शराब पर अंकुश लगाने, नशेड़ियों व मनचले युवकों पर कार्रवाई करने, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा महिला एवं पुरुष पुलिस बल की समुचित व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं गण्यमान्य लोगों ने स्थानीय प्रशासन के समक्ष अपनी-अपनी बातें रखीं। सभी ने शांतिपूर्ण माहौल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के आयोजन का निर्णय लिया। जन प्रेरणा समिति के अध्यक्ष अमित कुमार, द ग्रेट यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार एवं जन सहयोग समिति के अध्यक्ष बिरजू शर्मा ने मेले को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी प्रशासन को दी। साथ ही मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने शाम के समय से पूरे मेला परिसर में नो-एंट्री लागू करने की भी मांग रखी।
जन प्रेरणा समिति की ओर से मेला क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से अविलंब निजात दिलाने की मांग की गई। पूर्व मुखिया सुखराम महतो ने वीरपुर बाजार में स्थानीय दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की।
पर्रा के पंसस नवीन कुमार सिंह ने वीरपुर बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में सूखा नशा, शराब और जुआ पर अविलंब अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वीरपुर थाना क्षेत्र में करीब दो हजार किशोर एवं युवा सूखा नशे की चपेट में आ चुके हैं, जो चिंता का विषय है।
पूजा समितियों ने वीरपुर-खरमौली घाट तथा बरैपुरा-वीरपुर पथ स्थित इमामबाड़ा चौक के पास असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की। मेले के दौरान चिन्हित सभी स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी की गई।

जलजमाव के मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बाजार के दो पानी व्यवसायियों द्वारा सड़क पर खुलेआम पानी बहाया जा रहा है। इसे तत्काल बंद करवाने की मांग की गई।
मेला समितियों ने बताया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, 5 सितंबर को मेले का उद्घाटन तथा 10 सितंबर को एक साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर एवं सीओ भाई वीरेंद्र ने मेले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन से पूजा समितियों को अवगत कराया। थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने पूजा समितियों से जल्द से जल्द लाइसेंस लेने तथा प्रत्येक कमेटी से 20 से 25 अच्छे लोगों को स्वयंसेवक के रूप में तैनात करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पूजा एवं मेले के दौरान किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावना को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखना होगा। लाइसेंस में निर्धारित समय के अनुसार ही प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के दौरान घाटों पर स्थानीय गोताखोरों की भी नियुक्ति रहेगी।
बैठक में प्रमुख, समिति सदस्य रीता चौरसिया, जन प्रेरणा समिति के सचिव राजेश कुमार, विजय कुमार महतो, मुखिया दीपक कुमार, पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार, पूर्व जिला पार्षद विपिन कुमार पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


