गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
रेलवे गुमटी पर रोड ओवरब्रिज की स्वीकृति बखरीवासियों के लिए गर्व की बात है। यह वर्षों की संघर्षपूर्ण मांग का परिणाम है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सहायक अंचल मंत्री जितेन्द्र जीतू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह निर्णय उन सभी लोगों की जीत है जो बखरी के विकास के लिए लगातार सोचते, लिखते, बोलते और संघर्ष करते आए हैं। जितेन्द्र जीतू ने बताया कि खगड़िया-समस्तीपुर रेलवे लाइन को बड़ी लाइन में बदलने के दौरान यूथ फेडरेशन बखरी अंचल परिषद ने सलौना स्टेशन प्लेटफॉर्म पर धरना दिया था। उस समय प्रमुख मांगों में बखरी बाजार रेलवे ढाला पर ओवरब्रिज का निर्माण, रैक पॉइंट की व्यवस्था, दोनों प्लेटफॉर्म के बीच उपरगामी पुल, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का सलौना स्टेशन पर ठहराव, तथा स्टेशन के दोनों ओर सड़क मार्ग का पुनर्निर्माण शामिल था।इस आंदोलन के दौरान वर्तमान विधायक सूर्यकांत पासवान, जो उस समय यूथ फेडरेशन के जिला उपाध्यक्ष थे, के नेतृत्व में धरना दिया गया था। धरनार्थियों पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था। समाजवादी नेता दिलीप केशरी एवं कांग्रेस नेता कमलेश कंचन पर भी मुकदमा हुआ था, जो समर्थन देने पहुंचे थे।
विधायक बनने के बाद सूर्यकांत पासवान ने इस मुद्दे को विधानसभा में मजबूती से उठाया। इसके अलावा, विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं बुद्धिजीवियों ने भी अपने-अपने स्तर से आरओबी की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास किए। आज जब यह स्वीकृति मिल गई है और वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव भी सलौना स्टेशन पर सुनिश्चित हुआ है, तो यह पूरे बखरी क्षेत्र के लिए एक बड़ी सफलता है।
उन्होंने कहा कि अब आगे की प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि पटना जाने के लिए मेमू एवं इंटरसिटी ट्रेनों का भी सलौना स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि विधायक सूर्यकांत पासवान इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहेंगे।
