नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
डंडारी प्रखंड क्षेत्र के सिसौनी उच्च विद्यालय के प्रांगण में एनडीए उम्मीदवार संजय पासवान के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार गरीब कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर गरीबों के हित का काम कर रही है। बिहार में 14 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद पुनः एक बार एनडीए की ही सरकार बननी तय है।बखरी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए एनडीए उम्मीदवार का विजय होना जरूरी है। उन्होंने एनडीए सरकार के द्वारा गरीबों के हित में चलाई जाने वाली राशन योजना,125 यूनिट फ्री बिजली, उज्ज्वला गैस योजना, महिला उद्यमी योजना सहित सैकड़ों जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया।उन्होंने कहा बिहार विकास की ओर अग्रसर है। बेगूसराय हमारे स्व० पिता रामविलास पासवान की कर्मभूमि रही है।इसलिए एनडीए उम्मीदवार संजय पासवान को जीत दिलाकर विधानसभा भेजना सुनिश्चित करें ताकि आने वाली नई सरकार में उन्हें नई जिम्मेदारी मिल सके। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष स्वयं को संभाल नहीं पा रही है, एक दूसरे को नीचा दिखाने का काम कर रही है। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार केंद्र के साथ मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे 1980 से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं।पहले की सरकार में ना तो सड़कें ही अच्छी थी और ना बिजली की ही समुचित व्यवस्था थी।किसान चार घंटे की बिजली पर निर्भर रहते थे।लेकिन आज बिहार में 24 घंटे बिजली रहती है। बिहार के किसी कोने से 4 – 5 घंटे में राजधानी पटना पहुंचा जा सकता है जो बिहार की विकास को दर्शाता है।पेंशन योजना को बढ़ाने का काम किया गया है। महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। भारत के 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन योजना का लाभ उठा रहे हैं,जो एनडीए सरकार की देन है। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि लालू यादव ने अपने परिवार के विकास को आगे बढ़ाने का काम किया है।पहले उन्होंने अपने पत्नी को मुख्यमंत्री बनाया अब बेटा को मुख्यमंत्री बनाने के लिए प्रयत्नशील हैं।वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयत्नशील हैं।
