नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड कार्यालय नावकोठी स्थित ई-किसान भवन में बुधवार को बैंकर्स समिति की त्रैमासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण बैंक बेगूसराय के प्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने की।
बैठक में कम सीडी रेसियो वाले बैंकों की स्थिति में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही केसीसी ऋण योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने एवं लाभ दिलाने को लेकर चर्चा हुई। बैंकों को पीएमएफएमई योजना के तहत कम से कम दो ऋण स्वीकृत करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में बैंकों की भागीदारी और प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, केसीसी ऋण एनपीए समेत अन्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैंक शाखाओं में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जीविका, मत्स्य पालन, पशुपालन सहित विभिन्न लंबित आवेदनों पर चर्चा करते हुए शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP) के तहत प्रत्येक बैंक शाखा को कम से कम दो ऋण स्वीकृत करने पर बल दिया गया। इसके अलावा पशुपालन के लिए केसीसी ऋण तथा खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋण उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
पीएम सूर्य घर योजना को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रत्येक बैंक शाखा से कम से कम एक ऋण स्वीकृत करने का निर्देश भी बैठक में दिया गया।
मौके पर आरसेटी प्रबंधक आभा कुमारी, यूको बैंक के प्रबंधक आनंद, बैंक ऑफ बड़ौदा बभनगामा के अभिषेक कुमार, ग्रामीण बैंक पहसारा के प्रबंधक मृत्युंजय कुमार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया छतौना के शाखा प्रबंधक अभय कुमार, पीएनबी के दीपक कुमार, जीविका के कुंदन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
