गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत उच्च शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में वीरपुर प्रखंड के खरमौली में नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज का बुधवार को उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के कहलगांव से आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाइव प्रसारण के माध्यम से कॉलेज का उद्घाटन किया।
बिहार सरकार का उद्देश्य है कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसी सोच के तहत राज्य में 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की गई है, जिनमें खरमौली का यह राजकीय डिग्री कॉलेज भी शामिल है।

उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय उप समाहर्ता पूजा कुमारी एवं कॉलेज प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के उद्घाटन संबोधन के लाइव प्रसारण के बाद स्थानीय कार्यक्रम को नगर विधायक कुंदन कुमार, टीएनबी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. दीप नारायण महतो, प्रोफेसर चंद्रभानू, जिला परिषद सदस्य शिल्पी कुमारी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय खरमौली के पूर्व प्रधानाध्यापक संत कुमार सहनी, मुखिया अशोक पासवान, पूर्व सरपंच ललन कुमार तथा समाजसेवी रामनंदन महतो ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि इस कॉलेज के खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नया अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ भाई वीरेंद्र, पूर्व मुखिया सुखराम महतो, समिति सदस्य मुकुल प्रकाश, सुबोध पासवान, वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरसेन विक्रम, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।


