नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चेरिया बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत मंझौल पंचायत-एक स्थित जगदंबी पुस्तकालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाना था।
शिविर में ग्रामीणों ने बिजली, नल-जल, शिक्षा, स्वच्छता, जीविका समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने सभी आवेदनों एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया।
शिविर के दौरान कुल 30 मामलों का निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
शिविर के नोडल प्रभारी शाहनवाज अहमद ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी निरंजन कुमार ने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतर हुसैन, मुखिया विपिन कुमार, सरपंच प्रतिनिधि कन्हैया कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक अर्जुन कुमार, अजय कुमार, विद्युत अभियंता शुभम कुमार, क्षेत्रीय टेक्नीशियन दिवाकर सिंह, नल-जल सहायक ज्योति कुमारी, जीविका कोऑर्डिनेटर राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


