गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
शुक्रवार की दोपहर बखरी मुख्य बाजार स्थित मां चित्र मंदिर सिनेमा हॉल के समीप हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के सारबकोठी निवासी रामसागर सदा के 45 वर्षीय पुत्र सुलेन सदा के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार, सुलेन सदा अपनी पत्नी और पुत्रवधू के साथ खरीदारी करने बखरी बाजार आए थे। इसी दौरान वे सिनेमा हॉल के पास एक ई-रिक्शा पर बैठे हुए थे। तभी अचानक ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
उसी समय अंबेडकर चौक की ओर से आ रही चावल लदी पिकअप वैन का पहिया उनके सीने पर चढ़ गया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस बीच पिकअप वैन चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ई-रिक्शा और चावल लदी पिकअप वैन को जब्त कर थाना लाया गया है। पिकअप चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
