गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के शिवनगर पोखर के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल दोनो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान डंडारी प्रखंड के मेहा मोहनपुर निवासी कलेश्वर पासवान के 28 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार तथा बखरी प्रखंड के घाघरा पंचायत वार्ड संख्या 9 निवासी संजीत पासवान के पुत्र 24 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की रात दोनों युवक मोटरसाइकिल से बखरी जा रहे थे। इसी दौरान शिवनगर पोखर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने दोनों को घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में दोनों को बखरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 29 अप्रैल को सुशील कुमार की मौत हो गई।
वही 7 मई को सचिन कुमार ने भी दम तोड़ दिया। सुशील कुमार अपने पीछे पत्नी सोनी देवी (25 वर्ष) और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं सचिन कुमार की शादी 26 मार्च 2025 को हुई थी। उनकी पत्नी रूपम कुमारी (22 वर्ष) तीन माह की गर्भवती हैं। पति की मौत के बाद रूपम कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
