नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली के तार टूट गए तथा कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पूरी रात बिजली व्यवस्था ठप रही और लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घरों के टिन व एस्बेस्टस की छप्पर उड़कर दूर जा गिरे। बताया जाता है कि मुकेश मिश्र के मकान की छत पर लगा एस्बेस्टस उड़कर काफी दूर जा गिरा। अचानक आए तूफान से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

तूफान और बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार टूटने की सूचना मिली है। इससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। हालांकि सुबह होते ही बिजली विभाग के कर्मियों ने मरम्मत कार्य शुरू कर विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी।
वहीं तेज आंधी और बारिश से आम की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पेड़ों से बड़ी मात्रा में आम टूटकर गिर गए, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति हुई है।
