गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
बखरी नगर क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत सोमवार को कलश स्थापना के साथ भव्य रूप से हुई। माँ दुर्गा की आराधना के इस पावन पर्व के पहले दिन श्रद्धालुओं ने पुरानी दुर्गा मंदिर, सार्वजनिक नव दुर्गा मंदिर तथा वैष्णवी दुर्गा स्थान पर पहुँचकर विधिवत कलश स्थापना की और माँ की आरती उतारी।सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। नगरवासियों ने पूरे श्रद्धा भाव से कलश स्थापना की, जिसे नौ दिनों तक पूजा स्थल पर स्थापित रखा जाएगा।
पुरानी दुर्गा मंदिर में पारंपरिक रीति से कलश स्थापना की गई, वहीं सार्वजनिक नव दुर्गा और वैष्णवी दुर्गा स्थान पर भी श्रद्धालुओं ने माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना की। आरती के समय ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।नगरवासियों में इस बार नवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। महिलाओं और युवतियों में भी विशेष उत्साह देखा गया जो पूजा की तैयारियों में दिनभर लगी रहीं।
