गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
छठ पर्व के अवसर पर मंगलवार की सुबह अर्घ्य देने के बाद एक युवक के बागमती नदी में डूबने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना बखरी थाना क्षेत्र के नदैल घाट की बताई जा रही है।डूबे युवक की पहचान नदैल चौक निवासी कर्पूरी मलिक के 20 वर्षीय पुत्र बमबम कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के अर्घ्य के बाद बमबम कपड़ा खोलकर नदी में स्नान करने गया था। लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, जिससे घाट पर मौजूद लोगों में बेचैनी फैल गई।
सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ बेगूसराय की टीम, एएसआई इंद्रदेव प्रसाद के नेतृत्व में लगभग दस सदस्यीय दल ने नदी में खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
घटनास्थल पर एसडीएम सन्नी कुमार सौरव, एसडीपीओ कुंदन कुमार, बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार चौधरी तथा थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी कैंप किए हुए हैं और राहत व खोज कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
