गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
मंगलवार को समस्तीपुर–खगड़िया रेलखंड के सलौना और इमली स्टेशन के बीच स्थित मछुआ ढ़ाला के पास रेलवे लाइन किनारे से एक 16 वर्षीय युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुई। मृतक की पहचान सुग्गा गांव निवासी मोहन राय के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डीएसपी कुंदन कुमार और थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के सिर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।

परिजनों ने आशंका जताई है कि अमन की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। बताया गया कि अमन सोमवार रात एक दोस्त के बुलावे पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी लाश रेलवे लाइन के पास मिली, जबकि बाइक बरामद कर ली गई है और मोबाइल फोन गायब है। पुलिस को मृतक की जेब और बाइक से मादक पदार्थ व उसे सेवन करने का सामान भी मिला है। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
