नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा पूर्वी पंचायत स्थित पीरनगर चौक पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बखरी–मंझौल मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातमी सन्नाटा पसर गया।
मृत बच्ची की पहचान पहसारा पूर्वी पंचायत के पीरनगर वार्ड संख्या 10 निवासी राजो पासवान की पुत्री अंशिका कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अंशिका सोमवार की सुबह करीब दस बजे घर से निकलकर सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान बखरी की ओर से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अंशिका चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और परिवार की सबसे दुलारी बच्ची थी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर पहसारा–बखरी मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण फरार चालक की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर सर्किल इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस तथा सब इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और जाम समाप्त करवाया।
घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान, मुखिया दिनेश यादव, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, जनार्दन महतो, पैक्स अध्यक्ष दिलीप कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि बखरी–मंझौल सड़क इलाके की मुख्य सड़क है, लेकिन अब तक इसका चौड़ीकरण नहीं किया गया है। बढ़ती आबादी और तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सरकार से सड़क चौड़ीकरण, प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग तथा यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार स्कॉर्पियो और चालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
