गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी /बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र में अवैध नशीले कोडीन युक्त सिरप बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बखरी पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में कुछ लोग अवैध तरीके से कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और संभावित ठिकानों पर निगरानी शुरू कर दी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने बखरी–सुग्गा रोड स्थित काली मंदिर के सामने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से 100 एमएल की कुल 70 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद सिरप नशीले पदार्थ के रूप में उपयोग किया जाता है और इसकी अवैध बिक्री युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है। पुलिस ने बरामद सिरप को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में बखरी थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
