गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा स्थित सरैया माछ स्टैंड के समीप रविवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि सड़क किनारे पेशाब कर रहे युवक को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए वीरपुर पीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान भवानंदपुर पंचायत के पबराढाव निवासी स्वर्गीय उमेश सिंह के 25 वर्षीय पुत्र निरज कुमार के रूप में की गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी बब्लू कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पांच वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी और तीन वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के सिर से पिता का साया उठ गया।
ग्रामीणों ने बताया कि निरज कुमार मछली खरीदने के लिए मुजफ्फरा बाजार स्थित सरैया माछ स्टैंड गया था। इसी दौरान वह सड़क किनारे पेशाब करने के लिए रुका था, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

