नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्यूज़ संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के डफरपुर पंचायत अंतर्गत वृंदावन गांव में शनिवार को पुलिस की छापेमारी के दौरान अचानक बम विस्फोट हो गया, जिससे दो पुलिस पदाधिकारी समेत कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा में हुए सोना लूटकांड के एक गिरफ्तार आरोपी संदीप कुमार (निवासी वृंदावन) के घर पुलिस तलाशी अभियान चला रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने घर के सामने स्थित फुलवारी में सोना छिपाकर रखने की बात स्वीकार की थी। इसी आधार पर पुलिस शनिवार को वहां खुदाई कर रही थी, तभी अचानक बम विस्फोट हो गया।

इस विस्फोट में नावकोठी थाना के पुलिस पदाधिकारी विपिन ओझा और गुड़िया कुमारी के साथ एसटीएफ के जवान धर्मेंद्र कुमार, ज्ञानी कुमार और नगीना कुमार घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ बखरी कुंदन कुमार, सब इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, अपर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार और सब इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और इलाके को सील कर दिया।

इसके बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान तेज कर दिया। पुलिस ने आरोपी के नींबू के खेत से करीब 8 किलो चांदी, 210 ग्राम सोना और लगभग 28 किलो सिक्के बरामद किए हैं।
मौके पर डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंची, जहां हेड कांस्टेबल एस.के. दास के नेतृत्व में खोजी कुत्ते के साथ पूरे इलाके की सघन तलाशी ली जा रही है। साथ ही बम निरोधक दस्ता भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गया।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक विस्फोट में इस्तेमाल हुए बम के अलावा कोई अन्य बम बरामद नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और एहतियात के तौर पर कैंप कर निगरानी रखी जा रही है।
