गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन मोहनपुर शाखा की ओर से बुधवार को मोहनपुर चौक पर “मनरेगा बचाओ, देश बचाओ” कार्यक्रम के तहत धरना आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद नारायण वर्मा ने की।
धरना को संबोधित करते हुए बखरी के पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि बढ़ती महंगाई और रोजगार की कमी से ग्रामीण गरीबों की क्रय शक्ति कमजोर हुई है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने मनरेगा योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, मजदूरों को साल में 200 दिन काम और प्रतिदिन 700 रुपये मजदूरी देने की मांग की।
जिला सचिव राजेंद्र सहनी एवं अंचल सचिव सुरेश साहनी ने कहा कि सरकारी योजनाओं में मजदूरों को पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है तथा मजदूरी भुगतान में भी देरी हो रही है। नेताओं ने सरकार से मनरेगा को मजबूती से लागू करने और मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
धरना को त्रिवेणी महतो, राजीव राय, प्रेम कुमार भारती, साहेब पासवान, बुद्धेश्वर सदा, श्याम नंदन महतो, विजय महतो एवं सुरेंद्र सदा सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
