गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगूसराय
बखरी के नवनिर्वाचित विधायक संजय पासवान को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की घोषणा होते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़कर जीत हासिल करने वाले संजय पासवान के मंत्री बनने पर एनडीए नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त किया।बखरी के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी का इज़हार किया। लोगों का कहना है कि आजादी के बाद पहली बार बखरी को बिहार सरकार के मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिला है, जो क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि मंत्री बनने के बाद संजय पासवान बखरी के लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को नई गति देंगे। इनमें रेल-रोड कनेक्टिविटी, पलायन पर रोक, उद्योग-धंधों की स्थापना, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं। साथ ही लगभग तीन दशक पहले बने बखरी अनुमंडल के जिला में अपग्रेडेशन के प्रयासों को भी अब मजबूत दिशा मिलने की उम्मीद है।क्षेत्रवासियों का मानना है कि संजय पासवान का मंत्री बनना बखरी के लिए ऐतिहासिक अवसर है, जो आने वाले समय में विकास की नई इबारत लिखेगा।
