गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर परिषद द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता नीरज नवीन ने आरोप लगाया कि नगर परिषद ने शहर की सुंदरता के नाम पर लगभग 18 लाख रुपये खर्च कर सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगवाए थे, जिन्हें डेढ़–दो साल के भीतर ही अतिक्रमण के नाम पर ट्रैक्टर से उठवा लिया गया।नीरज नवीन ने कहा कि बिना समुचित माप के सड़क से दो से ढाई फीट ऊंचा नाला बना दिया गया था और उसी गलती को छिपाने के लिए पेवर ब्लॉक लगवाए गए। अब उसी कार्य को अतिक्रमण बताकर हटाया जाना नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान के जरिए बखरी के दुकानदारों का केवल भयादोहन किया गया।भाजपा नेता ने सिटी मैनेजर पर आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे पहले शहर के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाना चाहिए था, लेकिन इसमें वे असफल रहीं और बिना अंतिम नापी के ही कार्रवाई शुरू कर दी गई।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क के बीचोंबीच लगे बिजली के खंभों को हटाए बिना केवल दिखावे के लिए अभियान चलाया गया।नीरज नवीन ने आरोप लगाया कि यह पूरा अभियान नगर सरकार के इशारे पर राजनीतिक विरोधियों को नुकसान पहुंचाने और व्यापारियों को डराने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
