गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल क्षेत्र के सभी राशन कार्डधारियों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। तय समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों का नाम राशन कार्ड से हटा दिया जाएगा, जिससे वे सरकारी राशन के लाभ से वंचित हो जाएंगे।
इस संबंध में एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि ई-केवाईसी को लेकर संबंधित पत्र जारी कर दिया गया है। अनुमंडल क्षेत्र के सभी डीलरों के यहां ई-केवाईसी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक लगभग 80 प्रतिशत लाभुकों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है।
एसडीएम ने बताया कि कई राशन कार्डधारियों की जांच की जा रही है, जो वर्तमान में कहीं और निवास कर रहे हैं, लेकिन उनका नाम अभी भी बखरी के राशन कार्ड में दर्ज है। ऐसे मामलों में सत्यापन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे 31 जनवरी तक अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी करा लें। इसके लिए लाभुकों को अपने संबंधित डीलर के यहां उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक पीओएस मशीन के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराना होगा। निर्धारित तिथि के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों का नाम राशन कार्ड से हटा दिया जाएगा।
