नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के सदर पंचायत से एक रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। व्यवसायी की पत्नी ने नावकोठी थाने में आवेदन देकर पुलिस से पति की तलाश करने की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सदर पंचायत, नावकोठी निवासी आरती देवी ने अपने पति मनीष कुमार के लापता होने की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह उनके पति घर का पिछला दरवाजा खोलकर बिना किसी को बताए कहीं चले गए। काफी देर तक जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
परिजनों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता किया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद आरती देवी ने नावकोठी थाना पहुंचकर पुलिस से पति की तलाश करने की अपील की।
इस संबंध में नावकोठी थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और लापता व्यवसायी की तलाश शुरू कर दी गई है।


