नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महेशवाड़ा पंचायत के नौलखा वार्ड संख्या–1 में एक दिवसीय कृषि मेले का आयोजन किया गया।इस कृषि मेले की अध्यक्षता मनरेगा से पीटीए बृंद के द्वारा की गई।संचालन गौतम कुमार ने किया।मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाना था।कृषि मेले में किसानों को स्मार्ट खेती,जैविक एवं प्राकृतिक खेती, संरक्षित खेती,कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा तथा एग्री स्टार्टअप एवं किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उपस्थित किसानों को बताया गया कि नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपना कर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।इस अवसर पर एसएमएस शिवचन्द्र कुमार ने किसानों को जैविक खेती के महत्व के बारे में बताया तथा रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट,गोबर खाद तथा अन्य जैविक तरीकों के उपयोग के बारे में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिया।

वहीं एफपीओ मैनेजर अतुल कुमार ने प्रदान संस्था तथा किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि एफपीओ के माध्यम से किसान सामूहिक रूप से खेती से जुड़े संसाधनों का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
इस कृषि मेले में दयाराम(पूर्व सरपंच), मिथिलेश सिन्हा,पूर्व मुखिया महेश यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक नवीन कुमार, पीआरएस अजय सरोज,रिभा,खुशबू, सोनी,चन्द्रमुखी,कविता सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।कृषि मेले में किसानों ने कृषि से संबंधित नई तकनीकों और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और इस प्रकार के कार्यक्रमों को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
