गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
आज के डिजिटल युग में साइबर ठग नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। कभी केवाईसी अपडेट के नाम पर, कभी बैंक अधिकारी बनकर तो कभी दाखिल-खारिज करवाने के बहाने फोन कर ये ठग भोले-भाले लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। जिले में लगातार सामने आ रहे साइबर ठगी के मामलों से आम लोग दहशत में हैं।
साइबर ठग फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी और मोबाइल ऐप के जरिए लोगों की निजी व बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर लेते हैं। इसके बाद पलक झपकते ही पीड़ितों के खातों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की रकम गायब कर दी जाती है। खासकर बुजुर्ग, ग्रामीण क्षेत्र के लोग और कम पढ़े-लिखे व्यक्ति इनके आसान निशाने बन रहे हैं।

वहीं पुलिस और साइबर सेल द्वारा लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। बैंक या किसी भी सरकारी संस्था द्वारा कभी भी ओटीपी, पासवर्ड या गोपनीय जानकारी फोन पर नहीं मांगी जाती है।
बखरी अनुमंडल प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
