नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत पहसारा पश्चिम में बुधवार को कथा समापन के दौरान कथा वाचिका सुश्री वैदेही शरण जी महाराज ने भक्तों को भागवत को अपने जीवन में उतारने की बात कही,जिससे सभी लोग धर्म की ओर अग्रसर हों।साथ ही भक्तों को बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का सात दिनों तक श्रवण करने से जीव का उद्धार हो जाता है,वहीं इसे करवाने वाले भी पुण्य के भागी होते है।
श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन श्रीमद्भागवत का रसपान पाने के लिए भक्तों का सैलाब कथा स्थल पर उमड़ पड़ा। कथावाचिका ने श्रीमद्भागवत कथा का समापन करते हुए कई कथाओं का भक्तों को श्रवण करवाया,जिसमें प्रभु कृष्ण के 16108 शादियों के प्रसंग के साथ,सुदामा प्रसंग और परीक्षित मोक्ष की कथाएं सुनाई।
उन्होंने बताया सुदामा जी के पास कृष्ण नाम का धन था।संसार की दृष्टि में गरीब तो थे,लेकिन दरिद्र नहीं थे।अपने जीवन में किसी से कुछ मांगा नहीं।पत्नी सुशीला के बार-बार कहने पर सुदामा अपने मित्र कृष्ण से मिलने गए।भगवान के पास जाकर भी कुछ नहीं मांगा।भगवान अपने स्तर से सब कुछ दे देते हैं।सुदामा चरित्र के माध्यम से भक्तों के सामने दोस्ती की मिसाल पेश की और समाज में समानता का संदेश दिया।
इसके उपरांत दत्तात्रेय जी के चौबीस गुरुओं के बारे में बताया।इसके साथ ही राजा परीक्षित मोक्ष प्रसंग में सुखदेव जी के द्वारा भागवत कथा सुनाकर उन्हें मृत्यु के भय से मुक्ति और मोक्ष प्राप्ति की कथा सुनाई।तक्षक नाग के डसने के बाद भी उन्हें परमधाम की प्राप्ति हुई।
कथा वाचिका ने 7 दिनों की कथा का सार बताते हुए जीवन को ईश्वर चिंतन में लगाने का उपदेश दिया।उन्होंने समानता का संदेश दिया और घमंड न करने तथा विनम्रता अपने पर जोर दिया। कथा के समर्पण पर भव्य आरती,भजन कीर्तन,प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया। इससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया और भक्तों को जीवन का उद्धार करने तथा सांसारिक मोह माया से मुक्ति का मार्ग मिला।
इस दौरान प्रखंड प्रमुख अनीता देवी, मुखिया निभा देवी, पंसस अनीता मिश्रा, मुखिया प्रतिनिधि रामनाथ सिंह उर्फ बुडुल,सरपंच प्रतिनिधि रामाशीष सिंह उर्फ गुरु जी,जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, पैक्स अध्यक्ष रणवीर कुमार,वचन देव सिंह, लोजपा नेता घनश्याम सिंह,चंदन कुमार, शिवम वत्स सहित सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण भागवत कथा का रसपान किया।
