गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के परिहारा एवं मोहनपुर पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम देर शाम घोषित किए गए।
निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ कुमार मुकेश ने जानकारी देते हुए बताया कि परिहारा पैक्स चुनाव में कुल 1525 मतदाताओं में से 972 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष नीला देवी को 586 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीपक कुमार को 198 और केशव मिश्रा को 148 मत मिले। इस दौरान 40 मत अमान्य घोषित किए गए। इस प्रकार नीला देवी ने दीपक कुमार को 388 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर पुनः जीत हासिल की।
वहीं मोहनपुर पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 2020 मतदाताओं में से 1284 मतदाताओं ने मतदान किया। इसमें निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष पंकज कुमार को 838 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मुन्ना कुमार को 379 मत प्राप्त हुए। 67 मत अमान्य घोषित किए गए। इस तरह पंकज कुमार ने 459 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर पुनः अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
इसके अलावा दोनों पैक्सों में 11-11 कार्यकारिणी सदस्यों का भी गठन किया गया। परिहारा पैक्स में सभी कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि मोहनपुर पैक्स में 7 सदस्य निर्विरोध चुने गए और शेष 4 पदों के लिए मतदान कराया गया।
मतगणना कार्य में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी प्रशांत कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी शोभित कुमार, सुमन कुमार एवं सुरेंद्र कुमार ने सहयोग किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी कुमार मुकेश ने सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। खास बात यह रही कि दोनों ही पंचायतों में निवर्तमान पैक्स अध्यक्षों ने एक बार फिर जीत दर्ज कर अपनी कुर्सी बरकरार रखी।
