गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
होली पर्व को लेकर वीरपुर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना, प्रखंड और अंचल प्रशासन की ओर से पूर्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। साथ ही नशेड़ियों, मनचले युवकों तथा असामाजिक तत्वों, गांजा व शराब के कारोबारियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके लिए थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में मजिस्ट्रेट, सशस्त्र बल और लाठी बल की तैनाती की बात कही गई थी।
इसके बावजूद होली के दौरान थाना क्षेत्र में कई जगहों पर छिटपुट घटनाएं सामने आईं। नौला चौक पर दिनदहाड़े एक बाइक सवार की बाइक से प्लास्टिक की बोरी में रखी अंग्रेजी शराब गिरने की घटना चर्चा का विषय बनी रही। वहीं सरैया में चाकू से वार कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया गया।

इसके अलावा वीरपुर पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के चार–पांच लोग घायल हो गए। वहीं मैदा भवन्नगामा पंचायत के हामो गांव में भी दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई।
होली के दौरान कुछ नशे में धुत युवकों द्वारा राह चलते लोगों के साथ गाली-गलौज करने और कुछ घरों के सामने जाकर हंगामा करने की शिकायतें भी सामने आईं। कई जगहों पर डीजे की तेज धुन पर अश्लील हरकतें किए जाने की बातें भी लोगों के बीच चर्चा में रहीं।

हालांकि इन घटनाओं के बीच थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त करती रही। पुलिस की दिवा गश्ती और डायल 112 की सक्रियता के कारण सरैया, वीरपुर पेट्रोल पंप और मैदा भवन्नगामा पंचायत के हामो में स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि नौला चौक की घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है। वहीं अन्य छिटपुट घटनाओं के संबंध में अभी तक किसी पक्ष की ओर से थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
