गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगूसराय
नगर परिषद बखरी में कार्यरत कनीय अभियंता अबरेन्द्र कुमार सिंह से नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब किया है। इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि नगर परिषद में कार्यरत डाटा इंट्री ऑपरेटर मिल्की कुमारी द्वारा एक आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दिनांक 31 जनवरी 2026 को कनीय अभियंता द्वारा कार्यालय में नशे की हालत में उन्हें परेशान किया गया। इसके अलावा आरोप है कि उनके द्वारा लगातार रात में भी दूरभाष के माध्यम से कॉल कर परेशान किया जाता रहा, जिससे आवेदिका की मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब आवेदिका ने उनका मोबाइल नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया, तब 12 फरवरी 2026 को कनीय अभियंता द्वारा जबरन नंबर को ब्लैक लिस्ट से हटाने के लिए दबाव बनाया गया तथा कथित रूप से अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया। इसे एक महिला कर्मी के प्रति अनुचित आचरण बताया गया है।
पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार का कृत्य सरकारी सेवा नियमों का उल्लंघन है तथा वर्जित पेय पदार्थ का सेवन भी दंडनीय है। नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने कनीय अभियंता को दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए वरीय पदाधिकारी को सूचित किया जाएगा।
