गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वीरपुर थाना पुलिस द्वारा बुधवार की संध्या फ्लैग मार्च निकाला गया। सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति एवं थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मार्च कर लोगों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम मैदा बभनगामा, सहुरी, वीरपुर, बरैपुरा, मुजफ्फरा, भवानंदपुर सहित कई अन्य गांवों में पहुंची। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर पर्व को आपसी सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने का संदेश दिया।
सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है।
फ्लैग मार्च में थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार, नौला पिकेट प्रभारी अखिलेश कुमार, एसआई ऋषिकेश भारद्वाज, एएसआई सूर्य कुमार यादव सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तथा चौकीदार मौजूद थे।


