विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भगवानपुर थाना पुलिस ने 42 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एसआई अमर दान तिग्गा, एएसआई अजय कुमार सिंह और एएसआई सुमित कुमार की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर बनवारीपुर–मुख्तियारपुर पथ पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के अतरुआ निवासी स्वर्गीय गणेश चौधरी के पुत्र प्रमोद चौधरी को लगभग 34 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। उसके पास से बीआर09जेड-4482 नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई ।
एक अन्य कार्रवाई में मानोपुर मुसहरी निवासी बबलू सदा (पिता–पोषण सदा) को करीब आठ लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार शराब उसके घर के समीप स्थित भूस्कार से बरामद हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। होली पर्व को लेकर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।
