गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के महादेवचक गांव में हत्या के एक मामले के आरोपितों के जेल से छूटते ही गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या मामले के बखरी थाना कांड संख्या 463/24 में नामजद आरोपित रविश कुमार और मनटुन महतो, जो जेल से निकल बुधवार को गांव पहुंच पीड़ित परिवार के प्रति आक्रामक रवैया अपनाया। इस संबंध में बखरी थाना को दिये गये आवेदन में पीड़ित रामनाथ महतो, जो मृतक सुरेश महतो उर्फ सूर्य नारायण महतो के पुत्र ने बताया कि आरोपितों ने 24 सितंबर की सुबह लगभग 11 बजे उनके घर के निकट पहुंचकर सुना सुना कर गाली-गलौज किया और जान से मारने एवं मुकदमा उठाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, दहशत फैलाने की नीयत से आरोपितों ने अपने घर की छत से चार राउंड हवाई फायरिंग भी की।पीड़ित के अनुसार, इस घटना में रविश कुमार ,मनीष कुमार, दोनों पिता मनटुन महतो उर्फ सियाशरण महतो, मनटुन महतो, पिता स्व. रामनरेश महतो साथ ही तीन से चार अज्ञात लोग भी मौजूद थे। ये सभी आरोपी महादेवचक, वार्ड 17, थाना बखरी, जिला बेगूसराय के निवासी हैं। इधर इस संबंध में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है।
