गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राटन का प्रभार निर्धारित समय पर नहीं सौंपने के मामले में मध्य विद्यालय राटन के प्रधानाध्यापक विरंची यादव के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय द्वारा पत्रांक 777, दिनांक 06 मार्च 2026 के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपों की जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
इसके आधार पर विरंची यादव को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान विरंची यादव का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, चेरिया बरियारपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें संबंधित कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई उपस्थिति विवरणी के आधार पर नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता प्रदान किया जाएगा।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस मामले में उनके विरुद्ध विस्तृत आरोप पत्र (प्रपत्र ‘क’) भी जल्द ही जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को विभाग द्वारा अनुशासन बनाए रखने और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
