नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत लोक आस्था का महापर्व चैती छठ पूजा का आज से विधिवत शुभारंभ हो गया।चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के पहले दिन ‘नहाय-खाय’ के साथ व्रत की शुरुआत होती है।बूढ़ी गंडक नदी के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही व्रतियों की भीड़ उमड़ पड़ी।श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी में स्नान कर घरों की शुद्धि की और भगवान सूर्यनारायण की आराधना की।
‘नहाय-खाय’ के दिन व्रती शुद्ध एवं सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेते हैं, जिससे छठ महापर्व की विधिवत शुरुआत होती है।घाटों पर भक्ति और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में भगवान भास्कर की पूजा- अर्चना करते नजर आए।छठ पर्व पूरी श्रद्धा और नियम के साथ किया जाता है।
पहले दिन ‘नहाय- खाय’ में स्नान कर शुद्ध भोजन किया जाता है,दूसरे दिन ‘खरना’ होता है,जबकि तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य के साथ पारण किया जाता है।छठ पर्व मनोकामना पूर्ति,सुख- समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए किया जाता है।पर्व के दौरान घर में पारंपरिक गीत गाए जाते हैं,गेहूं धोकर प्रसाद की तैयारी की जाती है और पूरे चार दिनों तक नियमपूर्वक व्रत रखा जाता है।
