गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पर्रा पंचायत स्थित सरौंजा बहियार में बुधवार को अचानक आग लगने से करीब चार बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना से इलाके के किसानों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गेहूं के खेत के पास एक किसान द्वारा थ्रेसर मशीन से बकुला की दौनी की जा रही थी। इसी दौरान थ्रेसर से निकली चिंगारी ने पास के खेतों में आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन किसानों की फसल जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पर्रा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य नवीन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए वीरपुर थाना की अग्निशमन टीम को बुलाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
स्थानीय किसानों ने बताया कि हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं के कारण पहले ही रबी फसलों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है। ऐसे में इस आगलगी की घटना ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
