भगवानपुर में 21 अप्रैल को आयोजित होंगे शिविर
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 21 अप्रैल 2026को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यूडीआईडी कार्ड निर्माण हेतु विशेष जांच शिविर आयोजित किया जाएगा।
यह अभियान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) के निर्देश के अनुसार शिविर में मुख्य रूप से 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली बच्चों के साथ-साथ अन्य दिव्यांगजनों का भी यूडीआईडी कार्ड बनाया जाएगा।
दिये गये निर्देश के अनुसार शिविर में भाग लेने के लिए लाभुकों को पहले swavlambancard.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। साथ ही दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं ऑनलाइन आवेदन की प्रति साथ लानी होगी। शिविर का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
शिविर में डॉ जगत रंजन फिजिशियन, डॉ गौरव कुमार ऑर्थोपेडिक सर्जन, फिजियोथेरेपिस्ट एवं डॉ नेहा रानी नेत्र सहायक मौजूद रहेंगे। जिन दिव्यांगजनों को ईएनटी अथवा नेत्र विशेषज्ञ से विस्तृत जांच की आवश्यकता होगी, उन्हें सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी आशा कार्यकर्ताओं एवं प्रखंड साधन सेवियों को निर्देश दिया है कि वे घर-घर जाकर दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक लोगों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें।
