गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बुधवार को घाघरा पंचायत सरकार भवन में ‘सहयोग संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता ग्राम पंचायत राज घाघरा के मुखिया ने की। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार मुकेश, अंचलाधिकारी राकेश कुमार चौधरी, बीपीआरओ कुमार सानू, पंचायत कार्यपालक सहायक मुकेश कुमार झा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के लोगों ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। मौके पर इन समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
यह भी बताया गया कि जिन लोगों की समस्याएं अभी शेष हैं, वे पंचायत सरकार भवन में आवेदन जमा कर सकते हैं। सभी प्राप्त आवेदनों की सुनवाई आगामी 26 मई को की जाएगी और संबंधित विभागों को भेजकर उनके समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान पंचायत सरकार भवन में पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था नहीं होने के कारण दर्जनों ग्रामीणों को खड़े रहना पड़ा। कुछ महिला और पुरुष ग्रामीणों ने इसे असहज बताते हुए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था करने की मांग की।
