गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नीरज नवीन ने बखरी-खगड़िया मुख्य मार्ग स्थित ‘विश्राम चौक’ के निकट निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय को लेकर कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, बखरी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में नीरज नवीन ने आरोप लगाया कि नगर परिषद बखरी द्वारा जिस स्थल पर शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है, वह स्टेट हाईवे की भूमि है। उन्होंने कहा कि खगड़िया से मंझौल वाया बखरी तक टू-लेन सड़क निर्माण की योजना पथ निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित है। ऐसे में सड़क किनारे इस प्रकार का निर्माण भविष्य में सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधा उत्पन्न करेगा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि निर्माण कार्य के लिए पथ निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया गया है और न ही नगर परिषद के सामान्य बोर्ड में इस प्रस्ताव को पारित किया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा नेता ने धार्मिक और सांस्कृतिक पहलुओं को भी मुद्दा बनाते हुए कहा कि निर्माण स्थल के ठीक बगल में हनुमान मंदिर स्थित है। मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय का निर्माण स्थानीय आस्था एवं सनातन संस्कृति का अपमान है। साथ ही उन्होंने कहा कि शवयात्राओं के पड़ाव स्थल के रूप में प्रसिद्ध ‘विश्राम चौक’ की पवित्रता को देखते हुए वहां शौचालय निर्माण उचित नहीं है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त स्थल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर गौशाला परिसर में पहले से ही नगर परिषद द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालय मौजूद है। ऐसे में नए शौचालय निर्माण की आवश्यकता नहीं है।
नीरज नवीन ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित एवं धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा शौचालय को बखरी मुख्य बाजार के किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
