नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के आवास निर्माण का कार्य संवेदक की लापरवाही के कारण अधर में लटका हुआ है।इससे प्रशासनिक कार्य निष्पादन करने में प्रखंड कर्मियों तथा आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।भवन निर्माण विभाग के द्वारा दो महीना पूर्व ही पुराने प्रखंड कार्यालय को खाली करवा लिया गया।इससे भीसी कक्ष, विमर्श कक्ष तथा बीडीओ कार्यालय को ई किसान भवन में शिफ्ट कराया गया है। वहीं निर्वाचन कार्यालय को बीस सूत्री कार्यालय में चलाया जा रहा है।जहां जगह के अभाव में आये दिन मीटिंग एवं जनगणना के कार्य हेतु प्रगणक और पर्यवेक्षकों के साथ होने वाले बैठक वगैरह में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
संवेदक के द्वारा निर्माण कार्य से पहले पुराने थाना भवन एवं पुराने ट्रस्ट की कोठी को तोड़ दिया गया लेकिन मलवा ईंट वगैरह बिखरा पड़ा हुआ है।ना तो मलवे को हटाया जा रहा है और न तो दूसरे स्थान पर स्टोरेज किया रहा है।जमीन को समतल किये बगैर आवास निर्माण तथा अंचल प्रखंड कार्यालय निर्माण हेतु ले आउट भी संभव नहीं है।जिस धीमी गति से इस कार्य को किया जा रहा है ऐसे में यह कार्य वर्षों में भी पूरा नहीं हो सकता।एक महीने के बाद मानसून उतरने की संभावना भी है।मानसून प्रवेश करते ही कार्य पूरी तरह ठप हो जायेगी।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता राजीव कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी बेगूसराय एक महीना पूर्व स्थल का दौरा कर संवेदक और अभियंता को लेआउट करने तथा कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया था।लेकिन वरीय पदाधिकारी के निर्देश को भी संवेदक और अभियंता ने गंभीरता से नहीं लिया।संवेदक के उदासीन रवैये से लोगों में आक्रोश पनप रहा है।भवन निर्माण में देरी के बाबत जब जेई भवन निर्माण विभाग से संपर्क स्थापित किया गया तो मोबाइल पर काॅल रिसीव करना भी मुनासिब नहीं समझे।
