गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पकरी एवं डीहपर पंचायत स्थित मोड़ पर बुधवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ई रिक्शा से घायल सुशिला देवी पकड़ी

पहली घटना में पकरी निवासी इन्द्रदेव चौधरी की पत्नी सुशीला देवी को एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने ठोकर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए वीरपुर पीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी घटना डीहपर पंचायत स्थित बेगूसराय-संजात पथ के मोड़ पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा था और जिंदगी-मौत से जूझ रहा था।
अज्ञात वाहन से गंभीर रूप से घायल युवक सुमन राय

इस दौरान डीहपर पंचायत के पूर्व सरपंच संजय सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को तुरंत वीरपुर पीएचसी पहुंचाया। घायल युवक की पहचान नौला वार्ड संख्या-12 निवासी सुरेश राय के लगभग 30 वर्षीय पुत्र सुमन राय के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुमन राय बाइक से डीह की ओर से नौला जा रहे थे, तभी दुर्घटना का शिकार हो गए।
पीएचसी में मौजूद लोगों का कहना था कि युवक करीब एक घंटे से दर्द से तड़प रहा था। चिकित्सकों द्वारा रेफर किए जाने के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं भेजी जा रही थी। लोगों के अनुसार एम्बुलेंस चालक का कहना था कि जब तक परिजन नहीं आएंगे, तब तक मरीज को नहीं ले जाया जाएगा।
इस संबंध में मौके पर मौजूद डॉ. मनमोहन चौधरी एवं पूर्व सरपंच संजय सिंह ने बताया कि युवक को करीब एक घंटे पहले ही रेफर कर दिया गया था और उसकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
