गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, घाघड़ा में जैव विविधता के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता बचाने का संदेश दिया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक कौशल किशोर क्रांति ने कहा कि जैव विविधता जीवन का आधार है तथा इसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने लक्ष्मी कुमारी, इशू, उमंग, आयुषी, सरिता, खुशी, रितिका एवं शादाब आलम की पेंटिंग की। पर्यावरणीय कार्यकर्ता एवं शिक्षक वसंत कुमार ने जैव विविधता के महत्व को समझाते हुए कहा कि पृथ्वी पर प्रत्येक जीव का जीवन अन्य जीवों पर निर्भर करता है तथा सभी जीव प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में लगभग दस लाख जीवों की प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर हैं, जिससे पारिस्थितिक संतुलन और मानव जीवन प्रभावित हो रहा है।
शिक्षक सज्जन सदा ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता के नुकसान जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है। ऐसे में प्रकृति की रक्षा करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण ही मानव अस्तित्व की वास्तविक गारंटी है।
