गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल और व्यवहार न्यायालय परिसरों में आने वाले लोगों को अब बेहतर स्वच्छता और सुविधाएं मिलने वाली हैं। पटना हाईकोर्ट के निर्देश के बाद महिला, पुरुष, थर्ड जेंडर, दिव्यांग और बच्चों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश बेगूसराय द्वारा जारी पत्र के आलोक में बखरी अनुमंडलीय न्यायालय परिसर में विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि न्यायालय परिसर में आने वाले सभी लोगों को गरिमामय, स्वच्छ और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
बताया जाता है कि न्यायालय परिसर में समुचित शौचालय सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें होती थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
