गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर लूटी गई बाइक को पुलिस ने मंगलवार की अहले सुबह बरामद कर लिया। बरामद बाइक मुजफ्फरा गांव स्थित एक पत्रकार के घर के सामने खड़ी मिली। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वीरपुर-बथौली सड़क स्थित गभूआ बहियार के समीप बदमाशों ने हथियार के बल पर एक बाइक सवार से उसकी बाइक लूट ली थी। घटना के बाद से ही पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी और जांच कर रही थी।
थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि लूटी गई बाइक (बीआर 09 ए 1730) को मुजफ्फरा गांव से बरामद कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाइक को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
सूत्रों के अनुसार, बाइक लूटकांड में शामिल बदमाश घटना के बाद मैदा, सहुरी और कारीचक होते हुए रजौरा, मोहनपुर तथा सिकरौहुला मार्ग से गुजरकर बाइक को सोमवार देर रात मुजफ्फरा में लाकर छोड़ गए। मंगलवार सुबह बाइक मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि बाइक बरामद होने से मामले की जांच को नई दिशा मिली है। अब अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों से जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
