नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र की पहसारा पूर्वी पंचायत स्थित ररिऔना गांव में गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 78वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केक काटा तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम का आयोजन राजद नावकोठी के बैनर तले किया गया। इस दौरान बखरी प्रखंड अध्यक्ष सुरेश प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष हरेराम कुशवाहा, नावकोठी युवा राजद अध्यक्ष वंशराज यादव, मो. कैफुल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि लालू प्रसाद यादव गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज रहे हैं। सामाजिक न्याय की लड़ाई में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के विचार और संघर्ष आज भी कार्यकर्ताओं को समाज के कमजोर वर्गों के लिए काम करने की प्रेरणा देते हैं।
नेताओं ने बताया कि लालू प्रसाद यादव का जन्म 11 जून 1948 को गोपालगंज जिले के फुलवरिया गांव में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मौके पर बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
