नवीन कुमार मिश्रा AV भारत में न्युज संवाददाता बेगुसराय
विश्व एड्स दिवस पर बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त तत्वावधान में बेगूसराय रेलवे स्टेशन परिसर में नि:शुल्क एचआईवी जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।आयोजन का उद्देश्य आम यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में एचआईवी के प्रति जागरूकता फैलाना तथा उन्हें तकनीकी रूप से सही जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यपालक निदेशक इंजीनियर कौशलेंद्र कुमार ने कहा विश्व एड्स दिवस 2025 की थीम “व्यवधान पर विजय, एड्स प्रत्युत्तर में सुधार” उन चुनौतियों को उजागर करती है, जिसने हाल के वर्षों में एचआईवी सेवाओं की उपलब्धता को प्रभावित किया।उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी सहित कई वैश्विक संकटों ने रोकथाम,परीक्षण और उपचार सेवाओं तक पहुंच को बाधित किया है,जिन्हें दूर करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि एड्स प्रत्युत्तर में सुधार का अर्थ है कि एचआईवी/एड्स के खिलाफ चल रही वैश्विक लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।लंबी अवधि तक असर करने वाली नवीन दवाओं को जरूरतमंदों तक पहुँचाना,भेदभाव और कलंक को समाप्त करना तथा मानवाधिकारों को केंद्र में रखते हुए सभी को सुरक्षित और सम्मानजनक सेवाएँ उपलब्ध कराना इस थीम की प्रमुख प्राथमिकताएँ हैं।शिविर के अंतर्गत सैकड़ों लोगों ने निःशुल्क एचआईवी जांच कराई।
